Headlines

Lalkuan: टांडा रेंज में खूंखार हाथी का कहर, 72 घंटे में तीसरी मौत, महिला को पटक-पटक कर मार डाला

Lalkuan: टांडा रेंज में खूंखार हाथी का कहर, 72 घंटे में तीसरी मौत, महिला को पटक-पटक कर मार डाला
शेयर करे-

Lalkuan: टांडा रेंज के जंगलों में एक खूंखार टस्कर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। महज 72 घंटे के भीतर तीन लोगों की जान लेने वाले इस हाथी ने शनिवार को एक और महिला को मौत के घाट उतार दिया। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार शाह पठानी गांव से पंतनगर की ओर जाने वाले जंगल मार्ग में तीन महिलाएं लकड़ी बीनने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक एक दांत वाला टस्कर हाथी उनकी ओर तेजी से दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए महिलाएं अलग-अलग दिशाओं में भागीं, लेकिन हाथी ने 60 वर्षीय मैंना देवी, पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी झा कॉलोनी पंतनगर का पीछा कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने महिला को सूंड से पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह अपनी जान बचाकर कॉलोनी पहुंचीं और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हाथी जंगल की ओर लौट चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी टस्कर हाथी ने शाह पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को कुचलकर मार डाला था, जिनमें से एक मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई कर इस खूंखार हाथी को काबू में करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *