Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Almora: भिकियासैंण के जैनल क्षेत्र में खड़ी पिकअप से दो शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Almora: भिकियासैंण के जैनल क्षेत्र में खड़ी पिकअप से दो शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
शेयर करे-

Almora: सैन्यभूमि उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भिकियासैंण क्षेत्र के जैनल में सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से दो व्यक्तियों के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार सायं सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि पिकअप वाहन के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। प्राथमिक जांच में एक मृतक का संबंध मुरादाबाद से होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर की ओर से आ रही पिकअप वाहन संख्या यूपी 29 सीटी 0048 सोमवार सुबह से ही जैनल क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी थी। लंबे समय तक कोई गतिविधि न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजय जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान वाहन की केबिन में दो व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिले। पिकअप से पेट्रोमैक्स भी बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गंभीर अवस्था में 108 एंबुलेंस सेवा से सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस तलाशी में दोनों के पास से नकदी बरामद होने की बात सामने आई है, हालांकि कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। पिकअप वाहन बिजनौर (उत्तर प्रदेश) निवासी लोकेश के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। दोनों मृतकों की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *