New Delhi: भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे नितिन नबीन को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार यह सुरक्षा कुछ दिन पहले ही लागू कर दी गई है। नितिन नबीन की सुरक्षा व्यवस्था अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो संभाल रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इंटेलिजेंस ब्यूरो की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में संभावित खतरों का आकलन करते हुए उच्च स्तरीय सुरक्षा की सिफारिश की गई थी, जिसके बाद Z श्रेणी की सुरक्षा को मंजूरी दी गई।
Z श्रेणी की सुरक्षा देश की प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाओं में शामिल मानी जाती है। इसके तहत संबंधित व्यक्ति के साथ 24 घंटे हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिनमें क्लोज प्रोटेक्शन टीम, एस्कॉर्ट वाहन और अन्य विशेष सुरक्षा इंतजाम शामिल होते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन की राजनीतिक सक्रियता और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है। गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
