Headlines

Uttarakhand: सुबह-सुबह भूकंप से कांपा उत्तराखंड, बागेश्वर रहा केंद्र

Uttarakhand: सुबह-सुबह भूकंप से कांपा उत्तराखंड, बागेश्वर रहा केंद्र
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड की धरती एक बार फिर भूकंप के झटकों से हिल उठी। मंगलवार सुबह बागेश्वर जिले में भूकंप महसूस किया गया, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। सुबह-सुबह आए झटकों के बाद कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए और आफ्टरशॉक की आशंका के चलते कुछ समय तक घरों में लौटने से कतराते नजर आए। भूकंप का असर हरिद्वार से लेकर ऋषिकेश तक महसूस किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बागेश्वर जिले में ही था। इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई।

हालांकि भूकंप के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि जनपद में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के कम तीव्रता वाले भूकंप सामान्य हैं, लेकिन उत्तराखंड भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, घबराने से बचने और भूकंप के दौरान सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *