Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में 40 डिग्री पार पहुंच सकता है तापमान

Uttarakhand: उत्तराखंड में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में 40 डिग्री पार पहुंच सकता है तापमान
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 19 से 22 मई तक हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है। वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट जारी करते हुए जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है। ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

20 मई को भी हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भीषण गर्मी का असर जारी रह सकता है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

21 और 22 मई को भी मैदानी इलाकों में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान जताया गया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही पेयजल और बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने तथा निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *