Headlines

Rishikesh: ऋषिकेश योगनगरी स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा, शंटिंग के दौरान बफर स्टॉप से टकराई उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे

Rishikesh: ऋषिकेश योगनगरी स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा, शंटिंग के दौरान बफर स्टॉप से टकराई उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे
शेयर करे-

Rishikesh: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात बड़ा रेल हादसा हो गया। उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए बफर स्टॉप से जा टकराई। हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ, पुलिस और रेलवे अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की बात यह रही कि ट्रेन उस समय यात्रियों के संचालन में नहीं थी और वॉशिंग लाइन में शंटिंग प्रक्रिया चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी तय करने के बाद पटरी छोड़ दी। इसके बाद डिब्बे झटके के साथ दीवार से टकरा गए। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया और ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी और बुधवार सुबह उज्जैन के लिए रवाना होने वाली थी। हालांकि हादसे के बावजूद योगनगरी-रायवाला रेल ट्रैक बाधित नहीं हुआ है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन अधिकारी जांच पूरी होने तक कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं।

सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। रेलवे की तकनीकी टीम क्षतिग्रस्त ट्रैक और डिब्बों का निरीक्षण कर रही है, जबकि मरम्मत और बहाली का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *