Uttarkashi: उत्तरकाशी जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता तेज़ी से बढ़ रही है। इसी क्रम में भटवाड़ी तहसील के मानपुर और फोल्ड गांव की ग्राम सभाओं ने सर्वसम्मति से गांवों को नशामुक्त घोषित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
मानपुर गांव में ग्राम प्रधान शंकर प्रसाद भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित खुली ग्राम सभा में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह नियम गांव में होने वाले मांगलिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों पर भी लागू होगा। निर्णय के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर 21,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने शराब के कारण उत्पन्न हो रही सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की और गांव में शांति, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान को ध्यान में रखते हुए नशामुक्ति को आवश्यक बताया। बैठक में महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की और प्रस्ताव पर संयुक्त हस्ताक्षर किए।
इसी तरह फोल्ड गांव में पंचायत भवन में आयोजित खुली ग्राम सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सोनपाल रमोला ने की। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी भी उपस्थित रहीं। यहां भी सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत क्षेत्र में शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। नियमों के उल्लंघन पर 51,000 रुपये तक का जुर्माना तय किया गया है, जिसकी राशि ग्राम पंचायत निधि में जमा कराई जाएगी।
फोल्ड गांव की ग्राम सभा ने नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने और ग्राम निगरानी समिति के गठन का भी निर्णय लिया। दोनों गांवों के इन फैसलों को ग्रामीण समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।


Chief Editor, Aaj Khabar
