Uttarkashi: जनपद के धराली गांव स्थित खीरगंगा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। सोमवार देर रात या मंगलवार सुबह बादल फटने जैसी स्थिति के बाद खीरगंगा उफान पर आ गई, जिससे धराली गांव के आसपास का क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ।
तेज बहाव के चलते कई घरों, दुकानों और होटलों में पानी और मलबा घुस गया। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है, जबकि कुछ होटल और दुकानें ध्वस्त हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं और कई अन्य खीरगंगा के पार स्थित घरों व होटलों में फंसे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आर्मी, हर्षिल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए भटवाड़ी रवाना हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिशें की जा रही हैं।
वहीं, उत्तरकाशी जिले के बड़कोट तहसील अंतर्गत बनाल पट्टी क्षेत्र में भी भारी वर्षा के कारण तबाही हुई है। कुड गदेरे के उफान पर आने से लगभग डेढ़ दर्जन बकरियां बह गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि राज्यभर में 10 अगस्त तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में अति भारी वर्षा हो सकती है। इसके मद्देनजर देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जनपदों में मंगलवार को भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदियों-नालों से दूर रहने की अपील की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी कि स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने की दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस प्राकृतिक आपदा में हुई जन-धन की हानि पर उन्होंने संवेदना प्रकट की और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रभावित नागरिकों को यथाशीघ्र राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

