Lucknow: उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए योगी सरकार ने 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसमें सबसे अहम बदलाव राजधानी लखनऊ के मंडलायुक्त पद पर हुआ है। लंबे समय से इस पद पर कार्यरत रहीं रोशन जैकब को बदल दिया गया है। उनकी जगह प्रयागराज के कमिश्नर रहे विजय विश्वास पंत को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रोशन जैकब और विजय विश्वास पंत, दोनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद और प्रभावशाली अफसर माने जाते हैं। विजय विश्वास पंत इस साल प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ के दौरान चर्चा में आए थे, जहां उन्होंने तैयारियों और आयोजन को सफलतापूर्वक संभाला। मूल रूप से उत्तराखंड निवासी पंत 2004 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।
राजधानी लखनऊ का मंडलायुक्त पद प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में सरकार ने विजय विश्वास पंत पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, रोशन जैकब का तबादला अन्य जिम्मेदारियों के तहत किया गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
