Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में हैड़ाखान-खनस्यूं-पतलोट मोटर मार्ग पर चमोली के समीप स्थित बसौटीया पुल का जल्द जीर्णोद्धार किया जाएगा। पुल के लोहे में जंग लगने के कारण इसकी स्थिति कमजोर हो गई थी, जिससे भारी वाहनों के आवागमन में दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पुल की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग भीमताल विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने पुल के जीर्णोद्धार के लिए शासन से 61 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करा दी है। जल्द ही पुल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जाएगा।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पुल के जीर्णोद्धार के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी वाहनों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
धनराशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने स्युड़ा, बड़ेत, भनपोखा, पतलोट और खनस्यूं समेत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
