Bhimtal: सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड भीमताल की न्याय पंचायत पिनरौ के अंतर्गत ओपन थिएटर पिनरौ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय द्वारा क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी गईं और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
शिविर में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज, पेयजल/जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण, कृषि, वन, राजस्व, लघु सिंचाई, उडेरा, खाद्य आपूर्ति एवं उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया। शिविर के दौरान कुल 67 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि लगभग 408 नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ उठाया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख उमेश पलडिया, खीमानंद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया गया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

Chief Editor, Aaj Khabar
