Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Bhimtal: भीमताल के देवद्वार हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण, मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से 8 गांवों की वर्षों पुरानी मांग पूरी

Bhimtal: भीमताल के देवद्वार हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण, मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से 8 गांवों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
शेयर करे-

Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक के दुर्गम इलाके में स्थित देवद्वार हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से पूरी हुई वर्षों पुरानी मांग पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

देवद्वार, बडेट, घवेती, कीलोर, झाजर, बजुठिया समेत आसपास के करीब आठ गांवों के ग्रामीण लंबे समय से देवद्वार हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। हाईस्कूल के बाद इंटर की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को 10 से 15 किलोमीटर दूर दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता था। दुर्गम रास्तों और लंबी दूरी के कारण छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई से वंचित भी रहना पड़ता था।

ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा लंबे समय से विद्यालय के उच्चीकरण के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी यह मांग उठाई, जिसके बाद देवद्वार हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया। विद्यालय में कक्षा 11वीं में प्रवेश के साथ पढ़ाई भी शुरू हो गई है।

विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का स्वागत कर इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, मंत्री कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने गांव के आसपास ही बेहतर शिक्षा के अवसर मिलने चाहिए।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। इसी उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *