Bhimtal: भीमताल विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के मझेड़ा, टाड़ी, धारी, सिलालेख, पहाड़पानी, सुनकिया, लेटीबुगा, सुंदरखाल और सरना सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य समेत विभिन्न जनसमस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई (PMGSY) के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 में शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक सरकारी योजना का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सरकार लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों को गति देने में जुटी हुई है। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
