Bhimtal: उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भीमताल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कैड़ा ने कहा कि अजीत डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं पर सीधा आघात है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि अजीत डोभाल अपनी दशकों की राष्ट्रसेवा, अदम्य साहस और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। कैड़ा ने आरोप लगाया कि ऐसे राष्ट्रसेवक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सपूतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मंत्री कैड़ा ने एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने विपक्ष के बयानों को निराधार, भ्रामक और राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर बौखलाहट में झूठ और डर की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष राज्य में विकास कार्यों को प्रभावित करने के लिए भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की नीतियों में जनहित को प्राथमिकता दी जा रही है और प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
अंत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रदेश की जनता से विपक्ष के कथित दुष्प्रचार और भ्रामक बयानों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता जागरूक है और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर विश्वास रखती है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
