Bhimtal : पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे अभियुक्त को खनस्यूं पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अवैध संबंधों के शक में शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2026 को थाना खनस्यूं क्षेत्र के ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के दौरान उनके चारों बच्चे भी घर में मौजूद थे। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने बच्चों को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी और अगले दिन घर से फरार हो गया।
मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही खनस्यूं पुलिस और हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था और पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
गिरफ्तार अभियुक्त:
भीम सिंह पुत्र मानसिंह, निवासी ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, जनपद नैनीताल।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अनीस अहमद, चौकी प्रभारी ओखलकांडा उपनिरीक्षक कृष्णा गिरी, अपर उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल महेश मर्तोलिया, हेड कांस्टेबल भूजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम सिंह राणा और कांस्टेबल जय किशन।

Chief Editor, Aaj Khabar
