Champawat: चंपावत जिले के बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल को बड़ी सफलता मिली है। 57वीं वाहिनी के जवानों ने पूर्व सूचना के आधार पर स्मैक की खेप के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत लगभग चार लाख बत्तीस हजार छह सौ रुपये आंकी गई है।
सीमा चौकी गरिगोठ की विशेष टीम ने ग्राम भैसाभोज के निकट भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि के दौरान युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 14.42 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस चंद पुत्र उद्धव चंद, उम्र 25 वर्ष, निवासी नेपाल बताया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक को भारत से नेपाल के महेंद्रनगर ले जाने का प्रयास कर रहा था। उसने यह भी बताया कि स्मैक उसे बनबसा क्षेत्र से मिली थी और इसे नेपाल पहुंचाने के बदले उसे पांच हजार रुपये मिलने थे।
कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को बरामद मादक पदार्थ सहित बनबसा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बनबसा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
