Champawat: चम्पावत में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी, बनबसा पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने 799 ग्राम हेरोइन/स्मैक के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” संकल्प के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि सीओ टनकपुर वंदना वर्मा के निर्देशन में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, एसटीएफ कुमाऊं और बनबसा पुलिस की टीम ने सूचना तंत्र मजबूत करते हुए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, देर रात खटीमा–टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्ट्रांग फार्म के पास चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर तीनों अभियुक्तों के पास से अलग-अलग मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी सूरजदीप सिंह, करनैल सिंह और गुरमीत सिंह उर्फ मिता के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और नगद राशि भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
