नई दिल्ली। अखिल भारतीय पंचायत परिषद का 18वां दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 13 और 14 दिसंबर 2025 को महात्मा गांधी ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विश्वविद्यालय, बड़ा मल्यावर (कर्नाटक) में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र नागर ने दी।
महेंद्र नागर ने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन कर्नाटक राज्य पंचायत परिषद के निमंत्रण एवं सुझाव पर आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया करेंगे, जबकि समापन समारोह में पंचायत राज मंत्री प्रियांक खड़गे मुख्य अतिथि रहेंगे। राष्ट्रीय अधिवेशन की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय करेंगे।
पंचायत राज और ग्रामीण विकास पर होगा मंथन
राष्ट्रीय अधिवेशन में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज व्यवस्था से जुड़ी लगातार सामने आ रही समस्याओं पर गंभीर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता, आवास, पंचायतों को सशक्त बनाने, तथा 73वें और 74वें संविधान संशोधन के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
सम्मेलन में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डी.पी. रॉय, तथा महासचिव (मुख्यालय) अनिल शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
देशभर से करीब 1000 प्रतिनिधि होंगे शामिल
राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र नागर ने बताया कि इस दो दिवसीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 1000 प्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य पंचायत परिषद संगठन को ग्राम स्तर तक अधिक मजबूत बनाना और पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त एवं प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधियों को भी ग्रामीण विकास और पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए अपने सुझाव रखने का अवसर दिया जाएगा।
मंथन शिविर की नई तिथियों पर भी होगा विचार
महेंद्र नागर ने बताया कि सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली में प्रस्तावित मंथन शिविर की नई तिथियों पर भी चर्चा की जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय ने सभी राज्यों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम पंचायत स्तर से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।
प्रमुख रूप से ये लोग रहेंगे उपस्थित
राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य रूप से ठाकुर ध्यान पाल सिंह, एडवोकेट गजेंद्र सिंह, पंचायत संदेश के संपादक बद्रीनाथ, राष्ट्रीय सचिव नयना नंदकुमारी, श्रीमती मीना चौहान, बहादुर सिंह तोमर, देव तिवारी, ऋषव तिवारी, राजवीर सिंह राठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।


Chief Editor, Aaj Khabar
