Nainital: जिला मुख्यालय मल्लीताल स्थित चीना बाबा चौराहे के करीब मंगलवार शाम एक ब्रिटिशकालीन भवन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि भवन में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि पॉपुलर टेंट हाउस, दीना होटल, गीता आश्रम, नैनीताल कम्प्यूटर सेंटर समेत अन्य प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक क्षति पहुँची। सौभाग्य से इस बड़ी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के कमरों से अचानक धुआँ उठता दिखाई दिया। इसके बाद नैनीताल कम्प्यूटर सेंटर के संचालक राजीव दुबे ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन भवन के लकड़ी का ढांचा होने से आग कुछ ही मिनटों में भयंकर रूप ले गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, साथ ही अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक मशक्कत चली और करीब रात साढ़े आठ बजे आग कुछ हद तक नियंत्रित हो सकी, हालांकि देर रात तक धुएँ का गुबार उठता रहा।
बताया गया कि यह भवन अशोक साह और आलोक साह बॉबी का है। इसके भूतल में पॉपुलर टेंट हाउस, गीता आश्रम, दीना होटल और नैनीताल कम्प्यूटर सेंटर संचालित होते हैं। वहीं भवन के पिछले हिस्से में मालिक का परिवार रहता है, जो चोट लगने के चलते इन दिनों हल्द्वानी में है।
आग बुझाने में देरी का कारण पवेलियन होटल के सामने हाईकोर्ट गेट के पास स्थित फायर हाइड्रेंट की पानी लाइन में कम फोर्स बताया गया। घटना स्थल पर पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें सक्रिय रहीं, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने में सहायता की।

Chief Editor, Aaj Khabar
