Headlines

Goa: भीषण गोवा अग्निकांड में अल्मोड़ा के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु, क्षेत्र में पसरा मातम

देहरादून गैस लीकेज मौत
शेयर करे-

Goa: गोवा में हुए भीषण अग्निकांड ने अल्मोड़ा जिले के बगवालीपोखर क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। मल्ला बाड़ी गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। मृतक परिवार दिल्ली में निवास करता था और छुट्टियां बिताने के लिए गोवा गया था। देर रात लगी भीषण आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में घर और भीतर मौजूद सभी लोग उसकी चपेट में आ गए।

मृतकों में विनोद कबड़वाल, उनकी भाभी कमला कबड़वाल तथा सालियां अनीता और सरोज जोशी शामिल हैं। विनोद की पत्नी भावना भी मौके पर मौजूद थीं, जिन्होंने किसी तरह खुद को बचा लिया। घटना के बाद से वह मानसिक सदमे में हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखी गई हैं।

ग्राम प्रधान मनीषा गोस्वामी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन ललित और कपिल कबड़वाल दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर में शव दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दुःखद सूचना मिलते ही मल्ला बाड़ी गांव में कोहराम मच गया। परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मृत्यु से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अब भी इस दिल दहला देने वाली घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं और निरंतर परिजनों के संपर्क में बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने गोवा प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। लोग हादसे में सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही की भी जांच की अपेक्षा कर रहे हैं। उधर दिल्ली में मौजूद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं।

यह हृदयविदारक घटना न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे अल्मोड़ा क्षेत्र के लिए गहरा आघात बनकर सामने आई है। हर ओर शोक और संवेदना का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *