Dehradun: उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं, विशेषकर बाजपुर विधानसभा में बड़ी संख्या में फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दायर की गई आपत्तियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सुनियोजित हमला बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यशपाल आर्य ने कहा कि 3 अगस्त 2026 के फॉर्म-10 के ऑनलाइन अवलोकन में केवल बाजपुर विधानसभा के भाग संख्या 27, 142 और 149 में ही 93 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 दाखिल किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह की शिकायतें प्रदेश की अन्य विधानसभाओं से भी सामने आ रही हैं, जिससे किसी संगठित नेटवर्क या गिरोह की भूमिका होने की आशंका बढ़ गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि फर्जी आपत्तियों के आधार पर हजारों मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की गंभीर कोशिश है। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
यशपाल आर्य ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर मांग की है कि प्रदेश के सभी मतदाता रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि फर्जी या दुर्भावनापूर्ण तरीके से फॉर्म-7 दाखिल करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ निर्वाचन कानूनों और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि 3 अगस्त 2026 के फॉर्म-10 में दर्ज सभी आपत्तिकर्ताओं को नियमानुसार फॉर्म-13 तथा जिन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन किए गए हैं, उन्हें फॉर्म-14 के तहत अनिवार्य नोटिस जारी कर निष्पक्ष और पारदर्शी सुनवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम एकतरफा तरीके से मतदाता सूची से न हटाया जा सके।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि जांच में किसी संगठित गिरोह द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से फर्जी आपत्तियां दायर करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
