Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: बॉर्डर 2 के सेट पर सनी देओल से मिले उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, फिल्म नीति पर हुई चर्चा

Dehradun: बॉर्डर 2 के सेट पर सनी देओल से मिले उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, फिल्म नीति पर हुई चर्चा
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बंशीधर तिवारी ने आज देहरादून के हल्दूवाला क्षेत्र में बन रहे फिल्म बॉर्डर 2 के सेट पर सुप्रसिद्ध अभिनेता सनी देओल और निर्देशक अनुराग सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय भी उपस्थित रहे।

मुलाक़ात के दौरान उत्तराखंड की प्रगतिशील फिल्म नीति, लोकेशन की विविधता और राज्य सरकार द्वारा फिल्म निर्माताओं को दिए जा रहे प्रशासनिक सहयोग पर सार्थक चर्चा हुई। श्री तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बनाई गई फिल्म नीति देश की सबसे प्रभावशाली नीतियों में शामिल है। इसके तहत शूटिंग की त्वरित अनुमति, प्रशासनिक सहयोग और स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है, जिससे राज्य एक आदर्श फिल्म शूटिंग गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि बॉर्डर 2 की शूटिंग के दौरान यूनिट को जो सकारात्मक और सहयोगपूर्ण वातावरण मिला है, वह उत्तराखंड की फिल्म निर्माण क्षमताओं को दर्शाता है। सनी देओल भी मौके पर काफी सहज और उत्साहित दिखाई दिए।

फिल्म के निर्माता बिनोय गांधी ने जानकारी दी कि यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है, जिसके लिए हल्दूवाला क्षेत्र में कश्मीर के एक गांव का भव्य सेट तैयार किया गया है। सेट का निर्माण नवंबर 2024 में शुरू हुआ था और इस प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 350 स्थानीय लोगों को रोज़गार मिल रहा है।

फिल्म बॉर्डर 2 के अतिरिक्त उत्तराखंड में इस समय कई अन्य प्रमुख फिल्मों की शूटिंग भी चल रही है। तनु वेड्स मनु फेम निर्माता विनोद बच्चन की फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 की शूटिंग देहरादून में हो रही है, जिसमें अविनाश तिवारी और 12वीं फेल की अभिनेत्री मेधा शंकर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इनके साथ गोविंद नामदेव और सुधीर पांडे जैसे वरिष्ठ कलाकार भी फिल्म में शामिल हैं। इसके अलावा अन्नू कपूर, पवन मल्होत्रा और बिजेंद्र काला अभिनीत कॉमेडी सटायर उत्तर दा पुत्तर की शूटिंग देहरादून और ऋषिकेश में जारी है।

उत्तराखंडी सिनेमा को भी राज्य सरकार का विशेष सहयोग मिल रहा है। वर्तमान में गढ़वाली भाषा की तीन फिल्मों – मारचा (देहरादून), तेरी माया (टिहरी) और नमक (उत्तरकाशी) की शूटिंग की जा रही है। इन फिल्मों को स्थानीय संस्कृति, परंपरा और बोली के साथ-साथ तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान मिल रही है।

पिछले कुछ समय में उत्तराखंड में कई उल्लेखनीय हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिनमें विकी विद्या का वो वाला वीडियो, तिकड़म, दो पत्ती, पुतुल, रौतू का राज, तन्वी द ग्रेट, पास्ट टेंस, केसरी 2 और मेरे हसबैंड की बीवी प्रमुख हैं। वर्ष 2024 में अब तक राज्य सरकार द्वारा 225 शूटिंग अनुमतियाँ जारी की जा चुकी हैं।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद लगातार प्रयासरत है कि राज्य को एक प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि, आधुनिक तकनीकी सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग एक साथ उपलब्ध हो।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *