Dehradun: उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में हालिया आपदा से प्रभावित 98 परिवारों को सोमवार को पाँच-पाँच लाख रुपये की तत्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह वितरण गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर किया।
गत 5 अगस्त को उत्तरकाशी एवं पौड़ी जनपद में आई भीषण बारिश, भूस्खलन और मलबे के प्रवाह से कई घर नष्ट हो गए, बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ और परिवार विस्थापित हो गए। आपदा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रत्येक पीड़ित परिवार को पाँच लाख रुपये देने की घोषणा की थी।
सोमवार को धराली में चेक वितरण के दौरान सीएम धामी ने कहा कि यह सहायता राहत प्रक्रिया का प्रारंभिक चरण है, जबकि भवन, होमस्टे, पशुधन और बागानों को हुए नुकसान का आंकलन तीन सदस्यीय समिति सात दिनों में करेगी। रिपोर्ट के आधार पर व्यापक राहत एवं पुनर्वास पैकेज तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोग मेरे परिवार का हिस्सा हैं। इस कठिन समय में सरकार उनके साथ है और पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वे जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।”
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और सरकार की त्वरित राहत कार्यवाही के लिए आभार जताया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

