Haldwani: मुखानी क्षेत्र की जेकेपुरम कॉलोनी में किराये पर रह रही महिला योग प्रशिक्षक ज्योति मेर की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। 30 जुलाई को हुई इस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सज़ा की मांग कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि ज्योति की मौत दम घुटने और सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई। सीने पर चोट के निशान से आशंका है कि हत्या गला घोंटकर की गई। पुलिस का मानना है कि यह घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई।
ज्योति के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति को मास्क पहने कमरे से निकलते हुए देखा गया है। पुलिस और एसओजी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन योगा सेंटर से जुड़े दो मुख्य आरोपी भाई अब तक फरार हैं।
घटना के बाद महिला संगठनों ने प्रदर्शन कर एसडीएम कोर्ट में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, आंदोलन तेज किया जाएगा।
ज्योति की मां ने कहा, “मेरी बेटी को बेरहमी से मार डाला गया, लेकिन अब तक आरोपी पकड़े नहीं गए। हमें न्याय चाहिए।” लगातार बढ़ते अपराधों के बीच हल्द्वानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और जनता पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

