Headlines

Dehradun: ऑपरेशन क्रैकडाउन में देहरादून पुलिस का अपराध पर कड़ा प्रहार, 4,000 संदिग्धों पर कार्रवाई कर 2.5 करोड़ का जुर्माना वसूला

Dehradun: ऑपरेशन क्रैकडाउन में देहरादून पुलिस का अपराध पर कड़ा प्रहार, 4,000 संदिग्धों पर कार्रवाई कर 2.5 करोड़ का जुर्माना वसूला
शेयर करे-

‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत 43 हजार बाहरी लोगों का सत्यापन, 63 गिरफ्तार और अपार्टमेंट, कॉलोनियों, आश्रमों में व्यापक अभियान

Dehradun: राजधानी देहरादून में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस ने कानून व्यवस्था को सख्त करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। लगातार आलोचना झेल रही पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत डेढ़ महीने में व्यापक कार्रवाई करते हुए अपराधियों और संदिग्धों पर शिकंजा कसने का दावा किया है।

इस अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने नगर और देहात क्षेत्रों में 30 हजार से अधिक मकानों में सत्यापन अभियान चलाया। साथ ही 43,499 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जिनमें आश्रम, धर्मशालाओं, होटल, गेस्ट हाउस और हॉस्टलों में रह रहे लोग भी शामिल हैं।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सत्यापन के दौरान 4,466 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें से 63 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा आपराधिक गतिविधियों में शामिल 7 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान किरायेदारों, घरेलू नौकरों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन न कराने वाले 2,596 मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 2 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस ने 342 अपार्टमेंट्स और 59 गेटेड कॉलोनियों में विशेष अभियान चलाकर सत्यापन सुनिश्चित किया। वहीं, 1,805 किरायेदारों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और अन्य व्यक्तियों का चालान भी किया गया।

इस कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रह रही 3 विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और अपराध पर नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *