Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी सरकारी कार्बाइन से लगातार करीब 11 राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल सुनील सोमवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद रानीपोखरी स्थित अपने आवास पहुंचे थे। देर शाम अचानक उनके घर से लगातार गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग सुनील की सरकारी कार्बाइन से हुई है। हालांकि घटना कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं हथियार साफ करते समय हादसावश गोली तो नहीं चली, लेकिन लगातार 11 राउंड फायरिंग होने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सुनील घर के बरामदे में मौजूद थे। पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस आत्महत्या, हादसा और अन्य सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि घटना रात की है और गोली चलने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
