Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 13 जिलों के 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में इन गांवों में संस्कृत भवनों के निर्माण के साथ ही राजकीय प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने भोगपुर (देहरादून), मुखेम (टिहरी गढ़वाल), कोटगांव (उत्तरकाशी), बैंजी (रुद्रप्रयाग), डिम्मर (चमोली), गोदा (पौड़ी गढ़वाल), उर्ग (पिथौरागढ़), जैंती पाण्डेकोटा (अल्मोड़ा), शेरी (बागेश्वर), खर्ककार्की (चम्पावत), नूरपुर पंजनहेड़ी (हरिद्वार), पाण्डे गाँव (नैनीताल) और नगला तराई (ऊधमसिंहनगर) को आदर्श संस्कृत ग्राम के रूप में शामिल किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्कृत ग्रामों के निवासियों से वर्चुअल संवाद भी किया।
उत्तरकाशी और पौड़ी में आई आपदा पर दुःख जताते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पुनर्वास कार्यों को संवेदनशीलता और तेजी से अंजाम देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का लक्ष्य हर जनपद में आदर्श संस्कृत ग्राम की स्थापना कर देववाणी संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने संस्कृत को हमारी संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और विज्ञान का मूल आधार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इसे संरक्षित और संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति में संस्कृत को आधुनिक और व्यवहारिक भाषा के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संस्कृत विश्वविद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ा जा रहा है, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, ई-संस्कृत शिक्षण मंच और संस्कृत ऐप विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श संस्कृत ग्रामों में लोग अपने दैनिक जीवन में संस्कृत का प्रयोग करेंगे, जिससे यह फिर से बोलचाल और व्यवहार का हिस्सा बनेगी।
उन्होंने संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष छात्रवृत्ति, संस्कृत छात्र प्रतिभा सम्मान योजना और संस्कृत अकादमी के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित करने जैसे कदमों का उल्लेख किया। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून से युवाओं को रोजगार देने और ऑपरेशन कालनेमि के माध्यम से पाखंडियों पर सख्त कार्रवाई जैसे फैसलों का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक बृजभूषण गैरोला, मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान, सचिव दीपक कुमार, उत्तराखण्ड संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


