Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने किया आधुनिक लॉन्ग रेंज सायरन सिस्टम का लोकार्पण, आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र को मिलेगी मजबूती

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने किया आधुनिक लॉन्ग रेंज सायरन सिस्टम का लोकार्पण, आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र को मिलेगी मजबूती
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला परिसर में स्थापित 13 अत्याधुनिक लॉन्ग रेंज सायरनों का लोकार्पण किया। यह पहल उत्तराखण्ड की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं समय-समय पर गंभीर चुनौती पेश करती हैं। ऐसे में सतर्कता और समय पर सूचना प्रसारण अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आठ और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदा के समय अलर्ट करेंगे, बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी होंगे।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यदि समय रहते लोगों को चेतावनी मिल जाए तो जान-माल की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है और राहत-बचाव कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और आम जनता को इसके बारे में जागरूक किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन और उत्तराखण्ड पुलिस के संयुक्त प्रयासों की सराहना की तथा डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों, उत्तराखण्ड पीसीएस एसोसिएशन और उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भेंट किए।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *