Dehradun: देहरादून जनपद में फूड प्वाइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें 100 से अधिक लोग बीमार हो गए। प्रारंभिक जांच में सहारनपुर से सप्लाई किए गए कुट्टू के आटे में मिलावट की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून और स्वास्थ्य विभाग को सभी मरीजों के उचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अस्पतालों में बढ़ाई जा सकती है बेड की संख्या
फूड प्वाइजनिंग के चलते कोरोनेशन अस्पताल में 66 और दून मेडिकल कॉलेज में 44 मरीज भर्ती हैं। मुख्यमंत्री ने जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस दुकान को सहारनपुर से कुट्टू का आटा सप्लाई किया गया था, उसे सील कर दिया गया है। संबंधित दुकानों को भी सतर्क कर दिया गया है। सहारनपुर जिला प्रशासन को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
स्वास्थ्य सचिव को इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर जांच करेंगे। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
इस दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

