Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में परिवहन विभाग के अंतर्गत सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) पद पर नियुक्त 08 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए इसे उनके जीवन की नई शुरुआत बताया। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ये अभ्यर्थी अपने कार्यक्षेत्र में नवाचार लाएंगे और परिवहन विभाग में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियाँ जटिल हैं और परिवहन क्षेत्र में कई चुनौतियाँ हैं। उन्होंने नव-नियुक्त सम्भागीय निरीक्षकों को वाहनों की फिटनेस जांच, मोटर वाहन अधिनियम और नियमों के अनुपालन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे सड़क सुरक्षा और वाहनों की फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
इस मौके पर सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत, अपर सचिव परिवहन एवं प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम श्रीमती रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

