Headlines

Dehradun: कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी, अमर शहीदों को नमन कर युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान

Dehradun: कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी, अमर शहीदों को नमन कर युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान
शेयर करे-

Dehradun: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को शौर्य स्थल, चीड़बाग, गढ़ीकैंट में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और विश्व के सामने भारतीय सेना की अद्वितीय क्षमता का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि देश सदैव अपने वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने सर्वोच्च बलिदान और अद्वितीय साहस से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लें, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *