Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन का जायजा लिया तथा अधिकारियों से कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली।
नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड 28 जुलाई को भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना के बाद राज्य सरकार ने तत्काल संबंधित विभागों को राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर युद्धस्तर पर किए गए प्रयासों के चलते एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे में पूरा कर लिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकी।
मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने का मामला उस समय खासा चर्चित हुआ था, क्योंकि करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का उद्घाटन होने के महज 16 दिन बाद ही एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई थी। विपक्षी कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।
मामले में सरकार की ओर से जांच के बाद कार्रवाई भी की गई। निर्माणदायी संस्था का लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई थी। पुल निर्माण को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। ऐसे में मुख्यमंत्री का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना मामले की गंभीरता और सरकार की निगरानी को दर्शाता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
