Dehradun: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा सभी उपस्थित खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
LIVE: देहरादून में 'अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस' के अवसर पर खेल विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित कार्यक्रम#InternationalOlympicDay https://t.co/U8YljVHc48
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 23, 2025
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ओलंपिक दिवस केवल खेलों का उत्सव नहीं, बल्कि समर्पण, साधना, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं और भारत अब केवल सहभागिता तक सीमित नहीं, बल्कि विजयी राष्ट्र के रूप में पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने 107 पदकों के साथ ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, वहीं टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के 126 खिलाड़ियों ने क्वालिफाई किया, जो देश के मजबूत खेल तंत्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को ‘खेलभूमि’ के रूप में विकसित करने का राज्य सरकार का लक्ष्य है और इसी दिशा में अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।
सीएम ने बताया कि हाल ही में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना तेजी से प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खेल भत्ता, उत्तराखण्ड खेल रत्न व हिमालय खेल रत्न पुरस्कार जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा भी लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3,900 खिलाड़ियों तथा मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2,155 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा रही है।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया एवं खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ… pic.twitter.com/GnHJ7AFHs1
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) June 23, 2025
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar



