Dehradun: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षा में पेपर लीक मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले छात्रों को व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल के माध्यम से प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते महत्वपूर्ण सवाल साझा कर विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने प्रेमनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि विश्वविद्यालय को 8 जुलाई को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल में आरोप लगाया गया था कि 3 जुलाई को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।
विश्वविद्यालय ने शिकायत मिलने के बाद आंतरिक जांच समिति गठित की। जांच के दौरान परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों और व्हाट्सएप पर साझा किए गए सवालों का मिलान किया गया, जिसमें काफी समानता पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने छात्रों को परीक्षा से पहले आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्न उपलब्ध कराए थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपी आशीष कुमार गुप्ता, निवासी शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच की गई। पुलिस ने गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
