Headlines

Dehradun: देहरादून में तमिलनाडु के छात्रों से भरी बस में लगी आग, 40 छात्र बाल-बाल बचे

Dehradun: देहरादून में तमिलनाडु के छात्रों से भरी बस में लगी आग, 40 छात्र बाल-बाल बचे
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सेंट ज्यूड चौक पर एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस में सवार छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से बस में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार तमिलनाडु से ऑल इंडिया टूर पर निकले करीब 40 छात्र इस बस में सवार थे। यह दल सुबह हरिद्वार से देहरादून स्थित एफआरआई घूमने के लिए निकला था। जैसे ही बस शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड चौक के पास पहुंची, तभी इंजन के पास से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं बस के अंदर भर गया, जिससे छात्रों में चीख-पुकार मच गई।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। इसी दौरान मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस के दरवाजों और खिड़कियों के माध्यम से एक-एक कर सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी छात्र या अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *