Headlines

Dehradun: रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को 4,769 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात, परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

Dehradun: रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को 4,769 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात, परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
शेयर करे-

Dehradun: केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पीआईबी देहरादून में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के पत्रकारों को रेलवे बजट की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस बार रेलवे को रिकॉर्ड 2.93 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है, जिसका सीधा लाभ उत्तराखंड को भी मिलेगा।

रेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड में रेलवे कार्यों के लिए केवल 187 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ था, जबकि रेल बजट 2026-27 में राज्य को 26 गुना बढ़ोतरी के साथ रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में कुल 39,491 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें नई रेल लाइनें, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों को पूरी तरह से आधुनिक रूप दिया जा रहा है, जिसके लिए 147 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी और प्रीमियम सेवाओं के विस्तार के तहत उत्तराखंड में फिलहाल तीन वंदे भारत एक्सप्रेस और एक अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है।

नेटवर्क विस्तार और विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 से अब तक लगभग 76 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। राज्य में 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है और 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं। रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब तक 54 कवच सिस्टम स्वीकृत किए जा चुके हैं।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है और यह महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द ही उद्घाटन की ओर अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *