Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के उपरांत जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के लिए भारतीय रेलवे, नगर निगम, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ग्राम्य विकास विभाग सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में प्रशासनिक अधिकारियों, रेलवे एवं नगर निगम के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों से प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की प्रति प्राप्त होते ही सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि न्यायालय एवं शासन से प्राप्त निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित डीआरएम रेलवे (वीसी के माध्यम से) एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
