Headlines

Haldwani: हल्द्वानी के पनियाली में बाघ का घातक हमला, चारा लेने गई महिला की ली जान

Haldwani: हल्द्वानी के पनियाली में बाघ का घातक हमला, चारा लेने गई महिला की ली जान
शेयर करे-

Haldwani:  हल्द्वानी से सटे ग्रामीण क्षेत्र पनियाली में बाघ के हमले ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई महिला कमला फर्त्याल पर बाघ ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार बाघ महिला को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया, जहां उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। कुछ समय बाद महिला का शव जंगल के भीतर क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।

सूचना पर उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला के शव को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना रामनगर वन प्रभाग की फतेहपुर रेंज क्षेत्र में हुई है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के आसपास कैमरे लगाने शुरू कर दिए हैं और जंगल में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही संबंधित बाघ को आदमखोर घोषित करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है।

मृतका मवेशी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी और रोज की तरह चारा लेने जंगल गई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बाघ को तत्काल आदमखोर घोषित कर पकड़ने की मांग की है।

लगातार हो रही घटनाओं से पनियाली और आसपास के गांवों में दहशत और रोष दोनों का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *