Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत, 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से गरीबों को घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज

Haldwani: हल्द्वानी में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत, 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से गरीबों को घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज
शेयर करे-

Haldwani: नगर निगम क्षेत्र के भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में महापौर गजराज बिष्ट ने अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत हल्द्वानी-काठगोदाम में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य शहरी गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग को घर के पास गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

महापौर ने बताया कि इन केंद्रों पर प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी। साथ ही आवश्यक दवाइयां, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों (एनसीडी) की प्राथमिक जांच और परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। इन सभी सेवाओं के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र राज्य सरकार और नगर निकाय की संयुक्त पहल के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को दूरी या आर्थिक कारणों से अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब नागरिकों को उनके घर के समीप ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित होगा और शहरी स्वास्थ्य असमानता कम होगी।

कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि सभी केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। केंद्रों में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा और भविष्य में उपचार के दौरान सहायक सिद्ध होगा। इसके अलावा टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इन अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स को “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता और निवारक उपायों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। “स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई।

इससे पूर्व रामपुर रोड देवलचौड़ और गौजाजाली में भी दो केंद्र शुरू किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, पार्षद तनुजा जोशी, दीपक बिष्ट, सुरेंद्र मोहन नेगी, प्रमोद पंत, धीरज पांडेय, अरुण टम्टा, महेश जोशी, पूर्व सैनिक गोविंद बरती, सोबन भड़, डॉ. मनोज काण्डपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *