Haldwani: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने राहत और पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छह स्थानों पर विशेष शिविरों का आयोजन शुरू किया है।
बताया जा रहा है कि करीब 30 हेक्टेयर रेलवे भूमि पर 4300 से अधिक लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आवास योजना का लाभ देने के उद्देश्य से उनके आवेदन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह से ही शिविरों में लोगों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां अतिक्रमणकारी अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचकर फॉर्म भर रहे हैं।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से ये शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 31 मार्च तक जारी रहेगा और सभी पात्र लोगों से अपील की गई है कि वे समय रहते शिविर में पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
