Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भव्य जनसभा, सीएम धामी ने तैयारियों का लिया जायजा

Haldwani: हल्द्वानी में कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भव्य जनसभा, सीएम धामी ने तैयारियों का लिया जायजा
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैनीताल जनपद के एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने प्रशासन को आम जनता और बाहरी आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *