Nainital: तल्लीताल क्षेत्र के गठिया के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तर प्रदेश के उन्नाव से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि वाहन संख्या UP 78 HJ 4936 (वेन्यू कार) मुख्य मार्ग से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई थी।
रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। इनमें से अभिराज (26) और अंकित चौधरी (25) की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। वहीं अतुल दुबे (26) और श्याम (30) गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बी.डी. पांडे जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। साथ ही परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, जबकि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों की तत्परता और समन्वय से राहत कार्य तेजी से संपन्न किया गया।


Chief Editor, Aaj Khabar
