Haldwani: जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देशों के क्रम में 5 अप्रैल 2026 को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में बुक सेलर्स की व्यापक जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार हल्द्वानी के नेतृत्व में गठित इन टीमों में शिक्षा विभाग और राज्य कर विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
नगर मजिस्ट्रेट की टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित वर्धमान बुक डिपो, पूरणमल एंड संस बुक डिपो और करियर जोन का निरीक्षण किया। वहीं उपजिलाधिकारी की टीम ने मंगलपड़ाव क्षेत्र के पूरणमल एंड संस, दीक्षा बुक डिपो, टुडे बुक डिपो और पी कुमार बुक स्टोर का निरीक्षण किया। तहसीलदार की टीम ने कंसल बुक डिपो और प्रीत बुक डिपो में जांच की।
निरीक्षण के दौरान अभिभावकों से फीडबैक लिया गया, जिसमें कुछ स्कूलों द्वारा विशेष दुकानों से किताबें खरीदने के लिए स्लिप दिए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि कई स्कूल प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाएं संचालित कर रहे हैं, जिनकी मान्यता और पंजीकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह पाया गया कि कुछ विद्यालयों में ऐसी किताबें भी चलन में हैं, जो एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित नहीं हैं। इन किताबों के औचित्य की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष रूप से यह तथ्य सामने आया कि गैर-एनसीईआरटी पुस्तकों की कीमतें एनसीईआरटी की पुस्तकों की तुलना में अधिक निर्धारित की गई हैं, जिसे अनुचित मानते हुए संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
टीमों ने दुकानों से एनसीईआरटी की पुस्तकों के रेंडम सैंपल भी एकत्र किए, जिन्हें आईएसबीएन नंबर के साथ सत्यापन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजा जा रहा है। इसके अलावा बुक सेलर्स के बिलों की भी जांच की गई और विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य कर विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को ग्राहकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शेड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शिक्षा विभाग के उस सर्कुलर को भी सभी दुकानों पर चस्पा कराया गया, जिसमें 20 अप्रैल 2026 तक गणवेश और पुस्तकों की अनिवार्यता से छूट देने और पठन-पाठन बाधित न करने के निर्देश हैं।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी, सहायक आयुक्त अश्वनी सिंह, गौतम भंडारी, कुंदन पांगती, प्रधानाचार्य आशीष शर्मा और राजेन्द्र सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
