Haldwani: हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय कारोबारी भूपाल सिंह को एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बिठौरिया नंबर एक चौफुला पुल निवासी भूपाल सिंह रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान चौफुला के पास खड़ा एक ई-रिक्शा अचानक तेज गति से पीछे की ओर आया और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर पीठ के बल गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच में उनके सिर में खून का थक्का जमने की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भूपाल सिंह अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी बड़ी बेटी डिंपल (20 वर्ष) बीएससी की छात्रा है, जबकि बेटा गौतम (18 वर्ष) बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से ऐसे हादसों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
