Headlines

Nainital: नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Nainital: नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 27 लाख रुपये कीमत की 91.10 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के अंतर्गत की गई।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान वन विभाग के जू डम्पिंग जोन बागजाला के पास दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनन्द सिंह रावत और रोहित थापा के रूप में हुई है। पुलिस ने आनन्द सिंह रावत के कब्जे से 68.35 ग्राम और रोहित थापा के पास से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद की है। कुल बरामदगी 91.10 ग्राम स्मैक की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 27 लाख रुपये आंकी गई है।

इस संबंध में थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्मैक को सितारगंज के शक्तिफार्म निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर हल्द्वानी में सप्लाई करते थे। उक्त सप्लायर की तलाश जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी आनन्द सिंह रावत के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई के लिए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *