Haldwani: पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज कोटाबाग में भूगोल प्रवक्ता आरसी चौहान की कविता “नदियां” को भारतीय शिक्षा बोर्ड ने कक्षा सातवीं की हिंदी पाठ्यपुस्तक “स्वरा” में शामिल किया है। यह कविता शिक्षा सत्र 2025–26 से पढ़ाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय शिक्षा बोर्ड भारत सरकार का पहला राष्ट्रीय शिक्षा बोर्ड है।
आरसी चौहान इससे पहले उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा सातवीं और आठवीं की पाठ्यपुस्तकों में भी लेखक के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे भारतीय भाषा परिषद कोलकाता की महत्त्वाकांक्षी योजना “हिंदी साहित्य ज्ञान कोश” में सम्मिलित 300 लेखकों में शामिल हैं। उन्होंने उत्तराखंड के पर्यावरणीय आंदोलनों और लोक परंपराओं पर आधारित लेखन से इस कोश को समृद्ध किया है।
चौहान की रचनाएं देश की विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होती रही हैं। वे “पुरवाई” पत्रिका के संपादक और “गाथांतर” पत्रिका के सह-संपादक भी हैं। हाल ही में उनका काव्य संग्रह “जो कभी हुआ ही नहीं” देहरादून से प्रकाशित हुआ है, जो ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध है।
आरसी चौहान वर्तमान में जनवादी लेखक संघ की कार्यकारिणी में परिषद सदस्य के रूप में सक्रिय हैं तथा पूर्व में सर्व शिक्षा अभियान में जिला समन्वयक अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र बिनवाल, डॉ. भवतोष भट्ट, उदयवीर सिंह चहल, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश वर्मा, मुकेश चंद्र सती, गोविंद पांडे और अशोक जोशी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
