Headlines

Haldwani: पीलीकोठी चौराहे पर देर रात हंगामे के बाद पुलिस का एक्शन, 20 युवकों पर वैधानिक कार्रवाई

Haldwani: पीलीकोठी चौराहे पर देर रात हंगामे के बाद पुलिस का एक्शन, 20 युवकों पर वैधानिक कार्रवाई
शेयर करे-

Haldwani: मुखानी थाना क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे के पास देर रात दो गुटों के बीच विवाद और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2026 की देर रात पीली कोठी चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर तुरंत नियंत्रण पा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर घटना में शामिल 20 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत 20 लोगों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस ने बताया कि सभी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वहीं, दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में कोई लिखित शिकायत भी पुलिस को नहीं दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच के दौरान मारपीट या अन्य किसी दंडनीय अपराध के साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नैनीताल पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अफवाह, विवाद और हुड़दंग से बचने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *