Haldwani: लालकुआं कोतवाली अंतर्गत हल्दूचौड़ क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार देर शाम नहाने के लिए गौला नदी गए दो किशोरों के शव बुधवार सुबह बरामद किए गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना ग्राम पंचायत किशनपुर सकुलिया के बकुलिया गांव की है, जहां 15 वर्षीय अंकित भौर्याल पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और 15 वर्षीय कृष दानू पुत्र दरबान सिंह दानू मंगलवार शाम करीब पांच बजे नहाने के लिए गौला नदी की ओर गए थे। देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजन चिंतित हो गए। ग्रामीणों के साथ निवर्तमान ग्राम प्रधान विपिन चंद्र जोशी ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान नदी किनारे दोनों के कपड़े मिले, जिससे नदी में डूबने की आशंका और गहराई। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने कुछ समय बाद अंकित का शव बरामद किया। लगभग 11 बजे कृष का शव भी नदी से बाहर निकाला गया।
इससे पहले यह सूचना सामने आई थी कि दोनों किशोर रोज की तरह खेलने निकले थे, और साथ गए अन्य दो बच्चे समय से घर लौट आए थे। लेकिन अंकित और कृष नहीं लौटे। शुरुआती खोजबीन में जंगल की ओर भी सघन तलाश की गई, पर बाद में नदी किनारे मिले कपड़ों ने घटना की पुष्टि कर दी।
अंकित और कृष, दोनों मोटाहल्दू के एक निजी विद्यालय में क्रमशः कक्षा 9 और 10 में अध्ययनरत थे। उनकी असमय मृत्यु से गांव में मातम पसर गया है और शिक्षा जगत भी शोक में है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जबकि गौला नदी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

