Headlines

Ramnagar: रामनगर के ग्रामीण इलाकों में रात को उड़ रहा संदिग्ध ड्रोन, डरे सहमे लोग कर रहे खुद निगरानी

Ramnagar: रामनगर के ग्रामीण इलाकों में रात को उड़ रहा संदिग्ध ड्रोन, डरे सहमे लोग कर रहे खुद निगरानी
शेयर करे-

Ramnagar: बीते दो रातों से रामनगर के पुछड़ी, पीरूमदारा, चोरपानी और मालधन चौड़ सहित कई ग्रामीण इलाकों में आसमान में उड़ते संदिग्ध ड्रोन ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से नई बस्ती पुछड़ी गांव में लोगों का कहना है कि अज्ञात लोग ड्रोन से उनके घरों की रेकी कर रहे हैं, साथ ही बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां भी रात में गांव से गुजर रही हैं।

इस भय और आशंका के माहौल में ग्रामीणों ने रात में जागकर लाठी-डंडों के साथ खुद ही निगरानी शुरू कर दी है। पुछड़ी गांव की महिलाओं ने बताया कि आसमान में रोशनी करती मशीन लगातार दो रातों से दिखाई दे रही है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।

गांव के पुरुषों ने भी यह चिंता जताई कि ड्रोन के साथ रात में गुजर रही बिना नंबर की गाड़ियों से मामला और संदिग्ध लगने लगा है। ग्रामीणों को आशंका है कि ड्रोन के जरिए महिलाओं, बच्चों और बंद घरों की रेकी की जा रही है, जिससे किसी आपराधिक घटना की साजिश हो सकती है।

स्थानीय पुलिस को जानकारी देने के बाद कोतवाली रामनगर की टीम ने गांव में जांच की, लेकिन ड्रोन की पुष्टि नहीं हो पाई है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

फिलहाल, पुलिस संदिग्ध ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है। हालांकि अभी तक कोई आपराधिक वारदात सामने नहीं आई है, लेकिन एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में नियमित निगरानी और जांच की मांग की है।

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *