Headlines

Khatima: खटीमा में STF की बड़ी कार्रवाई,35 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Khatima: खटीमा में STF की बड़ी कार्रवाई,35 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
शेयर करे-

Khatima: उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को नशे के खिलाफ अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। STF की कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने खटीमा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए थाना खटीमा क्षेत्र के पहनिया चौराहे से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के पास से 118 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर की गई, जिन्होंने पूरे प्रदेश में ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। आदेश का पालन करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह, सीओ आर.बी. चमोला और प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। STF और खटीमा पुलिस की संयुक्त टीम ने पहनिया चौराहे पर संदिग्ध हालत में एक युवक को मोटरसाइकिल के साथ रोका और तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह हेरोइन ननकमत्ता से लेकर आया था और टनकपुर व बनबसा क्षेत्रों में इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की योजना थी। पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके विरुद्ध जल्द कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की पहचान सोनू राणा (24 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गुरुखेड़ा, झनकट, थाना खटीमा के रूप में हुई है। उसके पास से 118 ग्राम हेरोइन और एक CD 110 मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर ऐसे अपराधों में शामिल न हों। उन्होंने चेतावनी दी कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने जनता से आग्रह किया कि यदि कहीं भी नशा तस्करी अथवा उससे संबंधित कोई गतिविधि दिखे, तो तुरंत STF या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *